लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मंगलवार दोपहर को दिवंगत वरिष्ठ आईपीएस वाई. पूरन कुमार के घर पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी सुबह-सुबह चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा और अन्य कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया. इसके बाद वे सीधे पूरन कुमार के आवास पर गए, जहां आईएएस पत्नी अमनीत पूरन कुमार और बेटी अमूल्या से करीब आधे घंटे तक बातचीत की.
इससे पहले कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी की तस्वीरें शेयर कीं और बताया कि वह चंडीगढ़ पहुंच गए हैं, जहां से वह दिवंगत आईपीएस वाई. पूरन कुमार के परिवार से मुलाकात करेंगे.
दरअसल, आईपीएस वाई. पूरन कुमार ने 7 अक्टूबर को चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित आवास के साउंडप्रूफ बेसमेंट में खुद को गोली मार ली थी. मौत से एक दिन पहले उन्होंने पत्नी अमनीत के नाम वसीयत और आठ पेज का सुसाइड नोट लिखा था. नोट में उन्होंने हरियाणा डीजीपी शत्रुजीत कपूर, रोहतक एसपी नरेंद्र बिजरनिया समेत 13 अधिकारियों पर जातिगत उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और करियर बर्बाद करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. दिवंगत आईपीएस ने नोट में लिखा कि मैं अब और सहन नहीं कर सकता जो मुझे इस हालत में लाए, वे मेरी मौत के जिम्मेदार हैं.
अमनीत पूरन कुमार ने चंडीगढ़ पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही पीड़ित परिवार ने आरोपी अधिकारियों को FIR में नामजद करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी और ऐसा न होने तक परिवार ने दिवंगत IPS के पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है.
