मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देशों के क्रम में श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा कार्यजनित, व्यावसायिक एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय से पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मैसर्स जीनस पेपर एंड बोर्ड लिमिटेड, मुगलपुरा, अगवानपुर-कांठ रोड में “श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर” का आयोजन किया गया।

उप श्रमायुक्त दीप्तिमान भट्ट ने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य विभाग, ईएसआईसी टीम, सी.एल. गुप्ता आई हॉस्पिटल तथा सिद्ध अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा लगभग 628 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान आवश्यकता के अनुसार ब्लड टेस्ट, ब्लड प्रेशर, शुगर आदि की जांच की गई तथा चिकित्सकों द्वारा श्रमिकों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं जरूरत के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में श्रमिकों की आंखों की विशेष जांच भी की गई। जांच के उपरांत दृष्टि संबंधी आवश्यकता वाले 148 श्रमिकों को निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए।

सहायक निदेशक, कारखाना द्वारा श्रमिकों को कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन तथा दुर्घटनाओं से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। वहीं जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों द्वारा श्रमिकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर के दौरान श्रमिकों के हितार्थ संचालित डिजिटल लेबर चैक ऐप के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। मौके पर श्रमिकों के मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड कराकर 157 श्रमिकों का पंजीयन कराया गया। साथ ही ऐप के माध्यम से रोजगार के अवसर प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी भी श्रमिकों को दी गई।

श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर में जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, सहायक निदेशक, कारखाना, श्रम प्रवर्तन अधिकारीगण सहित श्रम विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
