मुरादाबाद। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला चिकित्सालय परिसर में जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ शैफाली सिंह चौहान और मण्डलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह द्वारा किया गया।

स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आमजन का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में रक्तचाप, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, टीकाकरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध रहीं। साथ ही संतुलित आहार, स्वच्छता, मौसमी बीमारियों से बचाव, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में लोगों को आवश्यक जानकारी देकर जागरूक किया गया।

शिविर के दौरान कुल 2,416 मरीजों को उपचार एवं विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। 300 मरीजों की लैब जांच, 102 मरीजों की टीबी जांच की गई, जिनमें 02 मरीज पॉजिटिव पाए गए। इसके अतिरिक्त 167 मरीजों की एचआईवी स्क्रीनिंग तथा 318 मरीजों की गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ईएनटी के 40, नेत्र रोग के 67, हड्डी रोग के 96 तथा जनरल मेडिसिन के 62 मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया गया। स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा 62 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। नियमित टीकाकरण के अंतर्गत 66 बच्चों का टीकाकरण किया गया, जबकि 05 बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीका लगाया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष एवं मण्डलायुक्त द्वारा आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, क्षय रोग एवं तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं से लाभान्वित पात्र व्यक्तियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत उपचारित लाभार्थियों में ग्राम मोढ़ी हजरतपुर निवासी निधि जिनकी हृदय में छेद की सर्जरी कराई गई, ग्राम सराय खजूर निवासी अवान जिनकी होंठ एवं तालु की सर्जरी कराई गई तथा ग्राम ढींगरी निवासी मुनीर जिनकी कान की सर्जरी कराई गई, को सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार राष्ट्रीय क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी का पूर्ण उपचार कराकर क्षय रोग मुक्त हुए श्रीमती मुस्कान, महेन्द्र सिंह एवं पूजा को सम्मानित किया गया। तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत तम्बाकू का सेवन छोड़ने वाले श्री गुलफाम, श्री सत्यप्रकाश एवं श्री अमरनाथ को भी मंच पर सम्मानित किया गया।

आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड के माध्यम से घुटना प्रत्यारोपण कराने वाली लाभार्थी श्रीमती गीता एवं श्रीमती उषा दुआ को सम्मानित किया गया।

अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आशा कार्यकत्रियों श्रीमती सोनी, श्रीमती चन्द्रवती एवं श्रीमती अनीता रावत तथा एएनएम श्रीमती पारूल गोयल, यूपीएचसी, श्रीमती भावना यादव, यूपीएचसी एवं श्रीमती वंदना गौरव को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य शिविर में जादूगर अजय दिवाकर द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य विषयों के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय, जिला अध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर निदेशक डॉ. आशु कुमार अग्रवाल, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला महिला चिकित्सालय डॉ. कर्मवीर सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव बेलवाल, डॉ. राजीव शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
