मुरादाबाद। मुरादाबाद के सुनियोजित विस्तार और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में विकास प्राधिकरण ने कई अहम कदम उठाए हैं। मंगलवार को एमडीए कार्यालय के सभागार में मंडलायुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में हुई प्राधिकरण बोर्ड की 144वीं बैठक में शहर के आवासीय विस्तार, सड़क संपर्क और खेल सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक में गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी के आसपास करीब 100 हेक्टेयर क्षेत्रफल में नई आवासीय कॉलोनी विकसित करने की योजना को प्रमुखता से मंजूरी दी गई। प्रस्तावित कॉलोनी में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाएं, सड़क संपर्क और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित किए जाने की योजना है। इससे शहर के इस हिस्से में नियोजित आवासीय विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।
बोर्ड ने दिल्ली रोड को नया मुरादाबाद योजना से जोड़ने के लिए गागन नदी पर पुल बनाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की। इसके साथ ही सिकंदरपुर के रास्ते रिंग रोड से जुड़ने वाली करीब 5 किलोमीटर लंबी और 60 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण का रास्ता भी साफ हो गया है। इस मार्ग के बनने से शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच आवागमन और कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

बैठक में खुशहालपुर से 60 मीटर रोड तक 36 मीटर चौड़े मार्ग के प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया गया। इन सड़क परियोजनाओं को शहर के भविष्य के यातायात दबाव को देखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं, गोविंदपुरम फेज-2 के विकास की योजना को भी आगे बढ़ाया गया। क्षेत्र के विस्तार और वहां प्रस्तावित सुविधाओं को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
खेल सुविधाओं के क्षेत्र में भी एमडीए बोर्ड ने बड़ा फैसला लिया। गोविंदपुरम में इनडोर स्टेडियम विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। स्टेडियम के निर्माण से स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी और विभिन्न खेलों के अभ्यास के लिए बेहतर माहौल तैयार होगा।

बैठक में जिलाधिकारी अनुनय झा, एमडीए उपाध्यक्ष अनुभव सिंह, नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक, अमरोहा जिलाधिकारी के प्रतिनिधि, एमडीए बोर्ड सदस्य राजू कालरा समेत प्राधिकरण और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
एमडीए बोर्ड के इन फैसलों को मुरादाबाद के भविष्य के नियोजित विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आवासीय कॉलोनी, नई सड़कों, गागन नदी पर पुल और इनडोर स्टेडियम जैसी योजनाओं से शहर के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है@शांतनु/INN
