मुरादाबाद। आगामी नवरात्रि पर्व को लेकर राष्ट्रीय बजरंग दल महानगर मुरादाबाद के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर किए जाने की मांग की।

ज्ञापन में प्रमुख मंदिरों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने और नवरात्रि के दौरान निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके अलावा मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू रखने की मांग भी उठाई गई।
संगठन ने श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों में मांस और मदिरा की दुकानों पर नियमानुसार प्रतिबंध अथवा नियंत्रण लागू करने की मांग की। साथ ही गरबा सहित अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों में प्रवेश संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन कराने और आयोजनों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था रखने की अपील की गई।

राष्ट्रीय बजरंग दल ने प्रमुख मंदिरों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाने की मांग भी रखी।
इस दौरान राष्ट्रीय बजरंग दल के रोहन सक्सेना ने कहा कि गरबा और अन्य धार्मिक आयोजनों में प्रवेश को लेकर निर्धारित नियमों का पालन कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि गैर-हिंदुओं के प्रवेश को लेकर कोई विवाद या अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। उन्होंने प्रशासन से नवरात्रि के दौरान धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की मांग की@शांतनु/INN
