मुरादाबाद। जनपद में बिना पंजीकरण, वैध अनुमति और निर्धारित मानकों के संचालित किए जा रहे चिकित्सालयों एवं क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीमों ने बुधवार को कई क्षेत्रों में छापेमारी और निरीक्षण किया। इस दौरान अनधिकृत रूप से चिकित्सा व्यवसाय संचालित करते पाए गए सात प्रतिष्ठानों को मौके पर ही सील कर दिया गया। संबंधित संचालकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि 7 अक्टूबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने चिकित्सा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान का उद्देश्य बिना वैध पंजीकरण और आवश्यक अनुमति के चिकित्सा सेवाएं देने वाले प्रतिष्ठानों पर प्रभावी कार्रवाई करना है।

अगवानपुर में तीन क्लीनिक सील
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुरादाबाद क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। टीम ने प्रदीप कुमार विश्वास द्वारा संचालित क्लीनिक, स्टेशन रोड अगवानपुर स्थित प्रथमा बैंक के निकट सैफी डेंटल केयर तथा बाल्मीकि बस्ती, पेट्रोल पंप के निकट स्थित बंगाली क्लीनिक का निरीक्षण किया। जांच के दौरान तीनों प्रतिष्ठान अनधिकृत रूप से संचालित पाए गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तीनों को मौके पर ही सील कर दिया।
सुरजननगर में दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव की टीम ने ठाकुरद्वारा क्षेत्र के सुरजननगर में अभियान चलाया। टीम ने जयनगर रोड स्थित सुयसा क्लीनिक और लाइफ केयर क्लीनिक का निरीक्षण किया। दोनों स्थानों पर निर्धारित नियमों के विपरीत चिकित्सा व्यवसाय संचालित किए जाने की पुष्टि होने पर दोनों प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया। संचालकों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू की गई है।
बिलारी में पैथोलॉजी और जच्चा-बच्चा केंद्र सील
इधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलारी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने बिलारी क्षेत्र में निरीक्षण किया। टीम ने मुड़िया भीकम स्थित नेशनल पैथोलॉजी तथा जरगांव रोड, मोहल्ला हयातपुर, चौकड़ा स्थित जीवन हेल्थ केयर (जच्चा-बच्चा केंद्र) की जांच की। दोनों प्रतिष्ठानों के अनधिकृत रूप से संचालित पाए जाने पर उन्हें भी मौके पर सील कर दिया गया।
लगातार जारी रहेगा अभियान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि जिले में बिना वैध पंजीकरण, अनुमति अथवा निर्धारित मानकों के संचालित किए जा रहे चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी@शांतनु/INN
