मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद मुरादाबाद की समस्त नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को नगर निकायों में उपलब्ध संसाधनों को बढ़ाने तथा विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि नगर निकायों में जहां भी अनटाइड फंड की धनराशि अवशेष है, उसका आवश्यकतानुसार जनहित एवं सार्वजनिक उपयोग के कार्यों पर व्यय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में कराए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि कार्य पूर्ण होने अथवा समाप्ति के उपरांत भुगतान लंबित न रखा जाए। ठेकेदार द्वारा बिल प्रस्तुत किए जाने के 15 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री वैश्विक नगरीय योजना तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन योजनाओं के अंतर्गत संचालित कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने तथा कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी सहित जनपद की समस्त नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
