मुरादाबाद। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भोजपुर पुलिस ने एक आरोपी को 550 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद चरस को कब्जे में लेकर सील कर दिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को थाना भोजपुर में तैनात उपनिरीक्षक इजहार अली खां पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान शाम करीब 7:40 बजे ग्राम रुस्तमपुर तिगरी चौराहे से रुस्तमपुर तिगरी की ओर जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 550 ग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरफराज पुत्र महबूब (38 वर्ष), निवासी ग्राम रुस्तमपुर तिगरी, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद चरस को एक सफेद पारदर्शी प्लास्टिक के डिब्बे में रखकर सील सर्वे मोहर से सीलबंद किया। इसके साथ नमूना मोहर और तौल पर्ची भी तैयार की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 485/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार सरफराज का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ 8 नवंबर 2025 को आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक इजहार अली खां के साथ कांस्टेबल सचिन कुमार, राहुल कुमार और परमजीत सिंह शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है@जफर/INN
