मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र में गाली-गलौज के बाद ईंटों से हमला कर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो ईंटों के टुकड़े भी बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना 31 अक्टूबर 2026 को शाम करीब पांच बजे कस्बा खानपुर में जाहरवीर मंदिर के सामने बीजना रोड पर हुई थी। इस मामले में खानपुर निवासी राजू पुत्र बलवंत सिंह ने भोजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि कौशल निवासी ग्राम बीजना, आशीष और उनके दो अन्य साथियों ने उनके तथा मिंटू पुत्र महेंद्र के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद आरोपियों ने ईंटों से जान से मारने की नीयत से हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 482/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 352, 115(2), 351(3) और 109(1) में मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान धारा 3(5) बीएनएस की वृद्धि की गई।
भोजपुर पुलिस ने रविवार, एक नवंबर को दोपहर करीब दो बजे कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष पुत्र प्रेमपाल सिंह निवासी ग्राम सैदरी, थाना असमौली, जनपद संभल (उम्र करीब 24 वर्ष) तथा कौशल पुत्र दिनेश निवासी ग्राम बीजना, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद (उम्र करीब 23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो ईंटों के टुकड़े भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजीत सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल प्रवेश और रिजर्व कांस्टेबल कार्तिक शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास दर्ज नहीं है। मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है@जफर/INN
