देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। दिवाली से पहले ही दिल्ली की हवा लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। सोमवार सुबह राजधानी के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बेहद खराब स्तर पर पहुंच गया। कुछ स्थानों पर AQI 400 के पार दर्ज किया गया, जिससे लोगों की स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं।
समीर ऐप के आंकड़ों के मुताबिक, जहांगीरपुरी में AQI 420 दर्ज किया गया, जबकि पंजाबी बाग और रोहिणी में 399-399 रहा। अलीपुर में 382, विवेक विहार में 376, नरेला में 375, आरके पुरम में 370 और पड़पड़गंज में 357 AQI दर्ज किया गया। वहीं, चांदनी चौक में 361, बवाना में 365 और द्वारका सेक्टर-8 में 357 वायु गुणवत्ता सूचकांक रिकॉर्ड किया गया।
दिल्ली में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए 1 नवंबर से नई पाबंदियां लागू की गई थीं, लेकिन इसके बावजूद हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं दिख रहा है। बारिश के बाद दो दिनों तक प्रदूषण से कुछ राहत मिली थी, लेकिन इसके बाद हालात फिर बिगड़ने लगे। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुसार, 301 से 400 के बीच AQI को बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में रखा जाता है। ऐसे में दिल्ली के कई इलाकों की हवा लोगों के स्वास्थ्य के लिए चिंता बढ़ा रही है।
