उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा में आयोजित जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा के शासनकाल को लेकर कानून-व्यवस्था और धार्मिक आयोजनों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के लिए श्राप है। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि जब-जब सपा की सरकार बनी, प्रदेश में अराजकता और अव्यवस्था का माहौल पैदा हुआ।
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा का जिक्र करते हुए कहा कि पहले के समय में दुर्गा पूजा के आयोजन के लिए भी अनुमति नहीं मिलती थी और सपा सरकार में इन आयोजनों का विरोध किया जाता था। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में प्रदेश में त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जा रहे हैं।
सीएम योगी ने सपा सरकार के दौरान कर्फ्यू और दंगों की स्थिति का जिक्र करते हुए युवाओं से कहा कि वे अपने अभिभावकों से उस दौर के हालात के बारे में जानें। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले दंगों और कर्फ्यू के कारण बाजार बंद हो जाते थे और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मुख्यमंत्री के इस बयान से प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
