गुजरात में आज शुक्रवार (17 अक्तूबर) को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अगुवाई में नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गांधीनगर के महात्मा मंदिर में हुआ. इस दौरान नए मंत्रिमंडल का बड़ा विस्तार हुआ है. इस दौरान हर्ष संघवी ने गुजरात के नए डिप्टी सीएम के पद की शपथ ली. वहीं जितेंद्र वाघानी और अर्जुन मोढवाडिया ने गांधीनगर में गुजरात कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली.
गुजरात की नई कैबिनेट में कुल 25 मंत्रियों को शपथ लेना है, जिसमें छह पुराने चेहरों को नए मंत्रीमंडल में मौका दिया गया है. वहीं जामनगर उत्तर से विधायक रिवाबा जडेजा ने शपथ ली, वह 35 साल की उम्र में मंत्री बनीं हैं. रिवाबा जडेजा क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी हैं. मोरबी से विधायक कांति अमृतिया ने शपथ ली. वह कटु पाटीदार समुदाय का चेहरा हैं, वह छह बार विधायक चुनी गई हैं.
गुजरात कैबिनेट में इन चेहरों को मिली जगह
- पुरुषोत्तम सोलंकी
- कुंवरजी बावलिया
- प्रफुल्ल पानशेरिया
- ऋषिकेश पटेल
- कानू देसाई
- हर्ष संघवी
- अर्जुन मोढवाडिया
- नरेश पटेल
- कांति अमृतिया
- प्रद्युम्न वाज
- कौशिक वेकारिया
- स्वरूपजी ठाकोर
- त्रिकम छंगा
- जयराम गामित
- जितेंद्र वाघाणी
- दर्शनाबेन वाघेला
- रिवाबा जडेजा
- पी.सी. बरंडा
- रमेश कटारा
- ईश्वरसिंह पटेल
- मनीषा वकील
- प्रवीण माली
- प्रद्युम्न वाज
- संजयसिंह महीड़ा
- कमलेश पटेल
सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी पी.सी. बरंडा ने मंत्री पद की शपथ ली, वह अरावली के भिलोदा से विधायक हैं. कच्छ जिले के अंजार से विधायक त्रिकम छंगा ने मंत्री पद की शपथ ली. वह अहीर समुदाय का चेहरा हैं और कच्छ जिला पंचायत के अध्यक्ष रह चुके हैं. नवसारी के गणदेवी से विधायक नरेश पटेल ने मंत्री पद की शपथ ली. वे पहले भी मंत्री रह चुके हैं, वे अनुसूचित जनजाति से आते हैं. वाव से विधायक स्वरूपजी ठाकोर ने मंत्री पद की शपथ ली, डीसा से विधायक प्रवीण माली ने मंत्री पद की शपथ ली.

मुख्यमंत्री समेत आठ पाटीदार मंत्रियों को जगह मिली है, आठ ओबीसी विधायकों, चार आदिवासी नेताओं, तीन अनुसूचित जाति विधायकों, एक अनाविल ब्राह्मण कनुभाई को जगह मिली है. जैन समुदाय से हर्ष संघवी को जगह मिली है. क्षत्रिय समुदाय से रीवाबा जडेजा को जगह मिली है. हार्दिक पटेल, अल्पेश ठाकोर और दो आंदोलनकारियों को जगह नहीं मिली है.
