अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया है। FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह का उत्तरी अमेरिका में कथित प्रमुख है। इस गिरोह पर अमेरिका और कनाडा में हत्या, गोलीबारी, अपहरण, फिरौती वसूली और हथियारों की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं।
FBI ने गोल्डी बराड़ को अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा बताते हुए कहा है कि इस गिरोह की गतिविधियां अमेरिका और कनाडा तक फैली हुई हैं। एजेंसी के अनुसार, गिरोह पर राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की हत्या की साजिश रचने और मानव तस्करी जैसे गंभीर आरोप भी हैं।
इससे पहले कनाडा पुलिस भी गोल्डी बराड़ को अपनी मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल कर चुकी है। विन्निपेग में सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुखा दुनेके की हत्या के मामले में भी पुलिस उसकी तलाश कर रही है। कनाडा में उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी सूचना देने वाले के लिए 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक के इनाम की घोषणा की गई है।
पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का रहने वाला गोल्डी बराड़ साल 2017 में छात्र वीजा पर कनाडा गया था। उसका नाम भारत में भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी सदस्य बताया जाता है।
