पश्चिम बंगाल के खड़गपुर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) में शनिवार को प्लेटिनम जुबली समारोह का आयोजन किया गया। संस्थान के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संस्थान की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि बंगाल में विचारों को नई ताकत मिलती है। IIT खड़गपुर के मंच पर भारत का अतीत, वर्तमान और भविष्य एक साथ दिखाई दे रहा है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कोई भी राष्ट्र अपनी क्षमताओं को तभी पहचान पाता है, जब वह अपनी सोच की सीमाओं को पार करता है। बीते वर्षों में भारत ने ऐसा करके दुनिया के सामने नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। उन्होंने युवाओं से ‘ब्रेक द लिमिट्स, अनलॉक द पॉसिबिलिटीज’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मोदी ने कहा कि 1951 में जब IIT खड़गपुर की स्थापना हुई थी, तब भारत को आजाद हुए कुछ ही साल हुए थे। उस समय देश को उद्योग और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए इंजीनियरों की जरूरत थी। आज यही संस्थान अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा और तकनीक जैसे क्षेत्रों में देश की प्रगति का अहम हिस्सा बन चुका है।
प्रधानमंत्री ने गरीबी उन्मूलन और सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पहले गरीबी को एक ऐसी समस्या माना जाता था, जिसे खत्म करना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि जब लाल किले से शौचालय निर्माण की घोषणा की गई थी, तब कुछ लोगों ने इसका मजाक भी उड़ाया था। लेकिन गरीब महिलाओं और परिवारों के लिए इसकी अहमियत को समझना जरूरी था। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को सिर्फ सुविधाएं देना नहीं, बल्कि उन्हें सशक्त बनाना है।
सेमीकंडक्टर क्षेत्र का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि करीब 50 साल पहले एक कंपनी भारत में चिप निर्माण के लिए आई थी, लेकिन उस समय उसे वापस भेज दिया गया। आज भारत सेमीकंडक्टर मिशन के जरिए इस क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और चिप का निर्यात भी शुरू कर चुका है।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत ने अपने अंतरिक्ष क्षेत्र को युवाओं और निजी कंपनियों के लिए खोलकर नए अवसर पैदा किए हैं। आज कई स्टार्टअप इस क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्होंने IIT खड़गपुर के पूर्व छात्र पवन कुमार चंदाना का उदाहरण देते हुए स्काईरूट एयरोस्पेस की उपलब्धियों का जिक्र किया।
प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 12 से 13 वर्षों में भारत के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का सफर ही विकसित भारत की असली ताकत है।
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने IIT खड़गपुर के छात्रों और पूर्व छात्रों से अपील की कि वे ऐसा योगदान दें, जिससे जब संस्थान अपने 100 वर्ष पूरे करे, तब तक भारत एक विकसित राष्ट्र बन चुका हो।
