फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की पैरेंट कंपनी मेटा के खिलाफ यूथ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को मुंबई, हैदराबाद और गुरुग्राम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कंपनी के कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। हैदराबाद में प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं पर मेटा के ऑफिस में घुसकर तोड़फोड़ और हंगामा करने का आरोप लगा है। इस घटना के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें प्रदर्शनकारी गमले फेंकते और कार्यालय परिसर में नारेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, हैदराबाद में यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जे. शिवचरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ता मेटा के कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने मेटा और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कंपनी का एल्गोरिदम भेदभावपूर्ण तरीके से काम कर रहा है और बीजेपी के दबाव में सोशल मीडिया कंटेंट को नियंत्रित किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने मेटा को अपना रवैया बदलने के लिए सात दिन का अल्टीमेटम भी दिया।
वहीं मुंबई में बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित मेटा कार्यालय के बाहर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। मुंबई यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जीनत शाबरीन के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कंपनी पर बीजेपी और आरएसएस का पक्ष लेने का आरोप लगाया। इस दौरान कार्यालय की दीवारों पर स्प्रे पेंट से विरोधी नारे लिखे गए और सुरक्षाकर्मियों के साथ भी बहस हुई।
उधर, गुरुग्राम में भी मेटा के कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैनर लेकर नारेबाजी की। यहां प्रदर्शनकारियों ने सोशल मीडिया अकाउंट बहाल करने की मांग उठाई। यूथ कांग्रेस ने मेटा पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि अगर सात दिनों के भीतर कंपनी ने अपना रवैया नहीं बदला तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
