वित्तीय और परिचालन चुनौतियों से जूझ रही विमानन कंपनी स्पाइसजेट की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने लगातार उड़ानें रद्द होने, विमानों के संचालन में आ रही बाधाओं और यात्रियों को हो रही परेशानियों को लेकर एयरलाइन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नियामक ने कंपनी से सात दिनों के भीतर जवाब देने को कहा है।
17 नवंबर को जारी नोटिस में DGCA ने एयरलाइन के कामकाज पर गंभीर सवाल उठाए हैं। नोटिस के मुताबिक, स्पाइसजेट के कई विमान लंबे समय से ग्राउंडेड हैं और उन्हें दोबारा उड़ान के लिए तैयार करने की कोई ठोस योजना सामने नहीं आई है। इसके अलावा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार उड़ानें संचालित नहीं करने, लगातार देरी और फ्लाइट कैंसिल होने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कंपनी की बाजार हिस्सेदारी में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। घरेलू विमानन बाजार में स्पाइसजेट की हिस्सेदारी अगस्त में 1.2 प्रतिशत थी, जो सितंबर में घटकर महज 0.6 प्रतिशत रह गई। बकाया भुगतान में देरी और परिचालन संबंधी समस्याओं को भी कंपनी की मौजूदा स्थिति की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
फ्लाइट कैंसिल होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी
स्पाइसजेट की सेवाओं को लेकर कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की है। एक यात्री ने मुंबई से फुकेत जाने वाली फ्लाइट रद्द होने की शिकायत की। यात्री के मुताबिक, उसने होटल और दूसरी बुकिंग के लिए पहले ही भुगतान कर दिया था, लेकिन आखिरी समय में उड़ान रद्द होने से उसकी पूरी अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रभावित हो गई।
इसी तरह दरभंगा से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट के एयरपोर्ट पहुंचने के बाद रद्द होने की शिकायत भी सामने आई। यात्री ने आरोप लगाया कि उड़ान रद्द होने के बाद न तो वैकल्पिक व्यवस्था की गई और न ही उचित सहायता मिली।
एक अन्य यात्री ने 13 नवंबर को दिल्ली-पटना फ्लाइट में छह से सात घंटे की देरी का दावा किया। उसका कहना था कि यात्रियों को उड़ान की स्थिति के बारे में जानकारी देने के लिए एयरलाइन का कोई कर्मचारी गेट पर मौजूद नहीं था।
दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था करने की मांग
मुंबई से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट SG-670 रद्द होने की शिकायत करते हुए एक यात्री ने स्पाइसजेट, एयरपोर्ट अथॉरिटी और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से तुरंत दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था करने की मांग की। यात्री का कहना था कि उसे जरूरी काम से यात्रा करनी थी, लेकिन उड़ान रद्द होने की जानकारी के बावजूद उसे समय पर कोई संदेश या जवाब नहीं मिला।
वहीं, स्पाइसजेट ने एक यात्री की शिकायत पर जवाब देते हुए बताया कि शेड्यूल में बदलाव के कारण मुंबई-फुकेत की फ्लाइट SG-81 रद्द की गई थी। कंपनी ने कहा कि कुछ परिस्थितियों में उड़ानों में देरी या उन्हें रद्द करना पड़ सकता है।
अब DGCA के नोटिस के बाद स्पाइसजेट को सात दिनों के भीतर अपना पक्ष रखना होगा। कंपनी के जवाब और नियामक की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
