मुरादाबाद, 21 नवंबर। ग्रामीण चौपालों और घर की दहलीज तक सीमित रहने वाला महिलाओं का हुनर जब सरकारी प्रोत्साहन और डिजिटल बाजार से जुड़ता है, तो आत्मनिर्भरता की नई मिसाल गढ़ी जाती है। ठाकुरद्वारा तहसील के रतुपुरा गांव निवासी 37 वर्षीय स्नातक (बीए) शालिनी ने दीनदयाल अंत्योदय योजना-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (डे-एनआरएलएम) के तहत ‘लखपति दीदी’ अभियान को धरातल पर सार्थक कर दिखाया है। जिस गोबर और जूट को कभी साधारण समझकर गांव के लोग तंज कसते थे, उसी से पर्यावरण के अनुकूल (इको-फ्रेंडली) उत्पाद तैयार कर शालिनी ने अपना सालाना टर्नओवर व मुनाफा डेढ़ लाख रुपये के पार पहुंचा दिया है। आज वे न केवल अपने उत्पादों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेच रही हैं, बल्कि समूह सखी के रूप में गांव में 53 समूह गठित कर 530 से 583 ग्रामीण महिलाओं को भी आर्थिक रूप से अपने पैरों पर खड़ा कर चुकी हैं।

एक प्रतिशत ब्याज के आसान ऋण और सरकारी फंड से खड़ा किया उद्यम
शालिनी के उद्यमी बनने की नींव वर्ष 2021 में पड़ी, जब आजीविका मिशन की आईसीआरपी टीम के मार्गदर्शन में उन्होंने 10 महिलाओं को जोड़कर ‘अंशिका स्वयं सहायता समूह’ बनाया। शुरुआत में मिले 2,500 रुपये के स्टार्टअप फंड के बाद वर्ष 2022 में समूह को 15 हजार रुपये की चक्रीय निधि (रिवॉल्विंग फंड—जो अब बढ़कर 30 हजार रुपये है) और 1.10 लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि (CIF—जो अब 1.50 लाख रुपये है) प्राप्त हुई। व्यवसाय के विस्तार के लिए बैंक लिंकेज से मिली 50 हजार रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट भी अब बढ़कर 2 लाख रुपये हो चुकी है। समूह से मात्र एक प्रतिशत मासिक ब्याज पर मिलने वाली आसान वित्तीय मदद ने उन्हें साहूकारों या बाहरी कर्ज के बिना अपना कारोबार खड़ा करने का हौसला दिया।

विकास भवन के फाइल फोल्डर से लेकर पूजा घर के समरानी कप तक में रतुपुरा की छाप
वर्ष 2022 में आजीविका मिशन व नाबार्ड की पहल पर गांव में ही आयोजित 15 दिवसीय शिविर में शालिनी समेत 30 महिलाओं ने जूट शिल्प का प्रशिक्षण लिया। आज उनके केंद्र पर जूट के आकर्षक लंच बैग, बोतल बैग, शॉपिंग बैग और हैंडी बैग के साथ-साथ सरकारी दफ्तरों व विकास भवन की बैठकों के लिए फाइल फोल्डर तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा काशीपुर से प्रशिक्षण लेकर उन्होंने गाय के गोबर (गौमय) से सुगंधित समरानी कप, गोबर के दीये, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, ओम-श्री-स्वास्तिक की शुभ आकृतियां, दीवार घड़ियां, मोमेंटो व नेमप्लेट तथा आरसेटी से प्रशिक्षण लेकर आर्टिफिशियल ज्वेलरी व अगरबत्ती का निर्माण शुरू किया। उनके साथ 5 से 6 महिलाएं नियमित रूप से काम कर रही हैं, जबकि बड़े ऑर्डर आने पर गांव की अन्य 30 प्रशिक्षित महिलाओं को भी घर बैठे सिलाई का काम मिल जाता है।

दो सरस मेलों में ही 46 हजार की शुद्ध कमाई, अब अमेजन-फ्लिपकार्ट की बारी
शालिनी के इको-फ्रेंडली उत्पादों की मांग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अक्तूबर व नवंबर में आयोजित 5 से 6 दिन के दो सरस मेलों में ही उन्होंने 40 से 46 हजार रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया। पहले मेले में लागत निकालकर उन्हें 15 से 16 हजार रुपये और दूसरे सरस मेले में लगभग दोगुना यानी 25 से 30 हजार रुपये की शुद्ध बचत हुई। मेलों के अलावा सामान्य दिनों में भी वे जूट उत्पादों से 8 से 15 हजार रुपये और गौमय उत्पादों से 7 से 10 हजार रुपये प्रतिमाह कमा रही हैं। स्थानीय स्तर पर समूह के नाम से बिक्री करने के साथ ही दिवाली से पहले उन्होंने ‘इको हैंडीक्राफ्ट’ नाम से फेसबुक, इंस्टाग्राम और ई-कॉमर्स साइट ‘मीशो’ पर कदम रखा, जहां शुरुआती दौर में ही गौमय मूर्तियों के 20 तक ऑनलाइन ऑर्डर मिले। अब विभागीय अधिकारियों के सहयोग से वे आकर्षक पैकेजिंग-ब्रांडिंग और जीएसटी पंजीकरण कराकर अमेजन व फ्लिपकार्ट पर अपने उत्पाद उतारने जा रही हैं।

किसान पति का मिला साथ, तो गांव की सैकड़ों महिलाओं की बनीं मार्गदर्शक
शुरुआती दौर में जब गांव में कुछ लोगों ने गोबर के उत्पाद बनाने पर सवाल उठाए, तब किसान पति के मजबूत भरोसे ने शालिनी के कदम डगमगाने नहीं दिए। खुद सफल होने के बाद उन्होंने ‘समूह सखी’ के रूप में रतुपुरा गांव की तस्वीर बदलने का बीड़ा उठाया और अब तक 53 स्वयं सहायता समूहों का गठन करा चुकी हैं। प्रत्येक समूह में जुड़ीं 10 से 11 महिलाएं आज खेती-किसानी, पशुपालन और गृह उद्योग के जरिए परिवार की आय बढ़ा रही हैं।
“वर्ष 2021 में जब मैंने समूह से जुड़कर शुरुआत की थी, तब अंदाजा नहीं था कि गांव में बने उत्पाद ऑनलाइन बाजार तक पहुंचेंगे। आजीविका मिशन के फंड, दो लाख के सीसीएल और एक प्रतिशत ब्याज पर मिलने वाले ऋण ने आर्थिक अड़चनें दूर कर दीं। पति के सहयोग और सरकार के मंच से आज हमें नई पहचान मिली है। ग्रामीण महिलाएं यदि झिझक छोड़कर समूह से जुड़ें, तो वे घर बैठे आसानी से आत्मनिर्भर बन सकती हैं।”
— शालिनी, अध्यक्ष, अंशिका स्वयं सहायता समूह एवं समूह सखी@शांतनुINN
