भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज (23 अक्टूबर) एडिलेड के एडिलेड ओवल में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 265 रनों का टारगेट दिया है. भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 264 रन बनाए. रोहित शर्मा ने 73, श्रेयस अय्यर ने 61 और अक्षर पटेल ने 44 रनों की पारी खेली. हर्षित राणा ने भी 18 गेंदों पर नाबाद 24 रनों का योगदान दिया. भारतीय टीम को पर्थ में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में हार झेलनी पड़ी थी. ऐसे में भारत के लिए यह मुकाबला जीतना जरूरी है.
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. 17 रनों के स्कोर पर ही उसे पहला झटका लग गया. कप्तान शुभमन 9 रन बनाकर तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट का शिकार बने. फिर बार्टलेट ने उसी ओवर में विराट कोहली को पवेलियन भेज दिया. कोहली लगातार दूसरे मैच में खाता नहीं खोल पाए. यहां से रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर ने 118 रनों की पार्टनरशिप करके भारत को संभाला.
रोहित शर्मा ने 74 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी. ये 2015 के बाद वनडे इंटरनेशनल में उनका ये सबसे धीमा अर्धशतक रहा. साथ ही रोहित के ओडीआई करियर की ये 59वीं फिफ्टी रही. उधर श्रेयस अय्यर ने 67 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया. इस साझेदारी को मिचेल स्टार्क ने तोड़ा, जिन्होंने रोहित को जोश हेजलवुड के हाथों पवेलियन भेजा. रोहित ने 7 चौके और दो छक्के की मदद से 97 बॉल पर 73 रन बनाए. रोहित के आउट होने के कुछ देर बाद श्रेयस भी पवेलियन चल दिए. श्रेयस ने सात चौके की मदद से 77 गेंदों पर 61 रनों का योगदान दिया.
यहां से भारत ने नियमित अंतराल में विकेट खोए. केएल राहुल (11 रन), वॉशिंगटन सुंदर (12 रन) और नीतीश कुमार रेड्डी (8 रन) कुछ खास नहीं कर पाए. वहीं अक्षर पटेल ने 44 रन बनाकर इसी बीच भारत को 200 रनों के पार पहुंचाने में मदद की. हर्षित राणा (24*) और अर्शदीप सिंह (13) ने डेथ ओवर्स में अच्छी बल्लेबाजी की, जिसने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.
