बिहार चुनाव के पहले चरण से पहले सीटों के बंटवारे को लेकर जारी मतभेदों के बीच, महागठबंधन ने आज एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस किया. महागठबंधन तेजस्वी यादव को अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर घोषित कर दिया है. कांग्रेस के सीनियर नेता अशोक गहलोत ने महागठबंधन के जीतने पर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी के नाम का ऐलान किया है.
तेजस्वी यादव ने कहा, “हम लोग को बिहार बनाने का काम करना है. हम आदरणीय लालू जी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सभी महागठबंधन के साथियों का धन्यवाद देते हैं. जो विश्वास आप लोगों ने हम पर जताया है, उस उम्मीद पर हम जरूर खरे उतरेंगे.” उन्होंने एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि ये थके हुए लोग हैं, ये सिर्फ सत्ता के भूखे हैं. हमको अगर तीस महीने का मौका मिले, तो जो काम तीस सालों में इन्होंने नहीं किया है हम वो करके दिखाएंगे.
तेजस्वी के नाम की घोषणा करते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि हम अमित शाह जी और उनकी पार्टी के अध्यक्ष से पूछना चाहते हैं कि आपके गठबंधन का सीएम चेहरा कौन है? यह हमारी मांग इसलिए है क्योंकि हमने देखा कि महाराष्ट्र चुनाव तत्कालीन सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में लड़ा गया था, लेकिन बाद में हमें पता चला कि किसी और को मुख्यमंत्री चुन लिया गया.
