इंडियन एडवरटाइजिंग इंडस्ट्री के मशहूर नाम पीयूष पांडे का गुरुवार को निधन हो गया. उन्होंने चार दशकों से ज्यादा वक्त तक ओगिल्वी इंडिया के साथ काम किया. पीयूष पांडे 1982 में ओगिल्वी से जुड़े थे. उन्होंने 27 साल की उम्र में अंग्रेजी-प्रभुत्व वाले विज्ञापन उद्योग में प्रवेश किया और इसे हमेशा के लिए बदल दिया.
बिजनेसमेन सोहेल सेठ ने पीयूष पांडे के निधन पर सोशल मीडिया अकाउंट पर शोक जताया. उन्होंने लिखा, “मेरे सबसे प्यारे दोस्त पीयूष पांडे जैसे जीनियस के खोने से मैं बहुत ज़्यादा दुखी और टूट गया हूं. सोहेल सेठ ने आगे कहा कि अब स्वर्ग में ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’ पर डांस होगा.”
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “पद्म श्री पीयूष पांडे के निधन पर अपनी उदासी ज़ाहिर करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं. एडवरटाइजिंग की दुनिया में एक महान हस्ती, उनकी क्रिएटिव जीनियस ने कहानी कहने के तरीके को फिर से परिभाषित किया और हमें यादगार और हमेशा याद रहने वाली कहानियां दीं.”
आपको बता दें कि पीयूष पांडे कई राजनीतिक स्लोगन भी लिख चुके हैं. पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के प्रचार का नारा भी उन्होंने ही दिया था. उन्होंने पीएम मोदी की सरकार के लिए स्लोगन ‘अबकी बार मोदी सरकार’ लिखा था. उन्हें भारतीय विज्ञापन के क्षेत्र मनें बड़े बदलाव लाने के लिए भी जाना जाता है. उनके कई ऐसे कैंपेन थे, जो लोगों के दिलों को छू जाते थे.
पीयूष पांडे का जन्म 1955 में जयपुर के एक परिवार में हुआ था. उनके नौ भाई-बहन थे, जिनमें सात बहनें और दो भाई शामिल थे. पीयूष पांडे के पिता एक बैंक में काम करते थे. पांडे ने कई सालों तक क्रिकेट भी खेला था. उन्होंने एशियन पेंट्स के लिए ‘हर खुशी में रंग लाए’, कैडबरी के लिए ‘कुछ खास है’ और फेविकोल और हच जैसे ब्रांडों के लिए विज्ञापन बनाए.
