मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान विभिन्न मामलों में पहुंचे लोगों की शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि आमजन को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को जनसुनवाई व्यवस्था और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से पुलिस कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें थाना स्तर पर ही राहत मिल सके।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन मामलों का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। थाना प्रभारियों को शिकायतों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने तथा आमजन की समस्याओं का निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत बनाने के लिए जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक जवाबदेह एवं परिणामकारी बनाया जाएगा, ताकि लोगों को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
