मुरादाबाद। जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल में कार्यरत सभी चिकित्सा अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की सुविधाओं और व्यवस्थागत सुधारों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने सभी चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों और कर्मचारियों को अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
डॉ. वार्ष्णेय ने निर्देशित किया कि प्रतिदिन सुबह 8 बजे से ओपीडी में मरीजों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो जानी चाहिए, ताकि उपचार के लिए आने वाले रोगियों को अनावश्यक इंतजार का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में स्ट्रेचर और व्हीलचेयर उपलब्ध रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
वार्डों की साफ-सफाई और भर्ती मरीजों की देखभाल को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में मरीजों के बिस्तरों की चादरें प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे तक अनिवार्य रूप से बदल दी जाएं, जिससे स्वच्छता मानकों को बेहतर बनाया जा सके।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में अनुशासन, स्वच्छता और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से निर्धारित मानकों के अनुरूप अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार, अस्पताल प्रबंधक कुलदीप सक्सेना सहित जिला चिकित्सालय के सभी चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
