मुरादाबाद। जनसमस्याओं के समाधान को लेकर बुधवार रात थाना मझोला क्षेत्र के रामलीला ग्राउंड में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी समेत विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे। चौपाल के दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क, बिजली, पानी, राजस्व, पुलिसिंग तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे अधिकारियों के समक्ष रखे।

जिलाधिकारी और एसएसपी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

रात्रि चौपाल में अधिकारियों ने लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और विकास कार्यों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।

चौपाल के माध्यम से प्रशासन ने आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समाधान का भरोसा दिलाया।
