उत्तर प्रदेश के बहराइच की कौड़ियाला नदी में नाव पलट गई है. इस घटना में 20 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं. एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर रवाना कर दी गई हैं. इस घटना पर डीजीपी मुख्यालय ने संज्ञान लिया है. डीजीपी मुख्यालय की तरफ से राहत कार्य की निगरानी की जा रही है.
बता दें कि भारत-नेपाल के सीमावर्ती जिले बहराइच का भरथापुर गांव कतर्नियाघाट के घने जंगल व गेरुआ नदी के पार बसा हुआ है. कतर्नियाघाट वाइल्ड लाइफ से होकर बहने वाली इंडो नेपाल बॉर्डर की कौड़ियाला नदी नेपाल की पहाड़ियों से निकलकर भारतीय सीमा क्षेत्र की घाघरा नदी में मिलती है.
भरथापुर गांव के लोग बहराइच के सीमावर्ती पड़ोसी जिले लखीमपुर खीरी के खैरटिया गांव से होकर कौड़ियाला नदी में नाव से आवागमन व खरीददारी करते हैं, जिसे इस गांव के लोग सबसे सुविधाजनक मानते हैं. घटना में चार लोगों को सुरक्षित बचाया गया है. लापता लोगों में नाव चालक समेत कई लापता हैं. घटना की जानकारी लोगों ने पुलिस व प्रशासन को दी है.
