भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज (31 अक्टूबर) मेलबर्न के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेला जा रहा है. मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया. भारत ने ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 126 रनों का टारगेट रखा है. भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा 68 रन बनाए.
बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला कैनबरा में बारिश के चलते धुल गया था. ऐसे में ये दूसरा टी20 मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण है.
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. शुभमन गिल 5 रन बनाकर जोश हेजलवुड का शिकार बने. वहीं तीसरे नंबर पर उतरे संजू सैमसन (2 रन) भी कुछ खास नहीं कर पाए. इसके बाद हेजलवुड ने कप्तान सूर्यकुमार यादव (1 रन) और तिलक वर्मा (0 रन) को सस्ते में आउट कर दिया. अक्षर पटेल भी 7 रनों के निजी स्कोर पर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए.
49 रन पर 5 विकेट गिरने के बाद अभिषेक शर्मा और हर्षित राणा ने भारतीय टीम को संभाला और छठे विकेट के लिए 56 रनों की पार्टनरशिप की. इस साझेदारी के दौरान अभिषेक ने 7 चौके और एक छक्के की मदद से 23 गेदों पर अपनी फिफ्टी पूरी कर ली. इस साझेदारी को जेवियर बार्टलेट ने तोड़ा, जिन्होंने हर्षित को चलता किया. हर्षित ने 3 चौके और एक सिक्स की मदद से 33 गेंदों पर 35 रन बनाए. हर्षित के बाद भारत ने शिवम दुबे (4 रन) और कुलदीप यादव (0 रन) का विकेट सस्ते में गंवा दिया.
