भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 31 अक्टूबर (शुक्रवार) को मेलबर्न के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेला गया. इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 4 विकेट से जीत हासिल की. मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 126 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने 13.2 ओवरों में ही हासिल कर लिया. इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टी20 सीरीज में 1-0 की लीड ले ली है. सीरीज का तीसरा मुकाबला 2 नवंबर को होबार्ट में खेला जाना है.
मेलबर्न में हार के साथ ही भारत का टी20 क्रिकेट में विनिंग स्ट्रीक भी टूट गया. भारत ने पिछले 10 टी20 इंटरनेशनल मैचों में से 9 में जीत हासिल की थी, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा था. यही नहीं भारत की 2008 के बाद इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल ये पहली हार भी रही. बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला कैनबरा में बारिश के चलते धुल गया था.
टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत तूफानी रही. ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श ने पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़े. हेड ने 3 चौके और एक सिक्स की मदद से 15 गेंदों पर 28 रन बनाए. वहीं कप्तान मार्श ने 26 बॉल पर 46 रन बनाए, जिसमें दो चौके और चार छक्के शामिल रहे. मार्श-हेड की तूफानी पारियों ने ऑस्ट्रेलिया के लिए रनचेज आसान कर दिया. भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट झटके.
