छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार दोपहर एक रेल हादसा हो गया, जब एक MEMU पैसेंजर ट्रेन का कोच मालगाड़ी से टकरा गया. यह हादसा बिलासपुर स्टेशन के पास शाम करीब 4 बजे हुआ. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में 6 यात्रियों की मौत हो गई है जबकि 1 दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं.
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है. रेलवे ने कहा है कि घटना के कारणों की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है और तकनीकी विशेषज्ञ मौके पर मौजूद हैं. स्टेशन के आसपास रेल यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ, लेकिन स्थिति को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं.
