उत्तर प्रदेश सरकार ऐतिहासिक स्थल को पुनर्स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि कुशीनगर जिले के फाजिलनगर का नाम बदलकर ‘पावा नगरी’ किया जाएगा. यह निर्णय भगवान महावीर के जीवन से जुड़े इस स्थान के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए लिया गया है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान महावीर का जन्म भले ही बिहार के वैशाली में हुआ था, लेकिन उनका महापरिनिर्वाण स्थल उत्तर प्रदेश के फाजिलनगर, जिसे प्राचीन ग्रंथों में पावागढ़ के रूप में वर्णित किया गया है, में स्थित है. इतिहास और जैन परंपरा में इसका अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान होने के बावजूद आधुनिक समय में यह नाम अपनी पहचान खोता जा रहा था. इसी कारण सरकार ने इस ऐतिहासिक स्थान को उसकी प्राचीन विरासत से जोड़ने का फैसला किया है.
सीएम योगी ने कहा कि पावा नगरी का नाम जैन धर्म के अनुयायियों के बीच लंबे समय से प्रचलन में रहा है और इसे धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किए जाने की भी योजना है. उनका कहना है कि नाम परिवर्तन के बाद यहां से जुड़े धार्मिक स्थलों के संरक्षण, विकास और पर्यटन सुविधाओं को विस्तार देने पर विशेष जोर दिया जाएगा.
