मुरादाबाद। जनपद मुरादाबाद में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) में बड़ी संख्या में विसंगतियां सामने आई हैं। अब तक करीब 1,65,000 मतदाता दूसरे स्थानों पर शिफ्ट पाए गए हैं, जबकि लगभग 95,000 मतदाताओं का कोई पता ही नहीं चल सका है।
अभियान के दौरान 52,000 मतदाताओं के मृत होने की पुष्टि हुई है, वहीं 50,000 मतदाताओं के नाम दो जगह दर्ज मिले हैं। इसके अलावा 10,000 से अधिक मतदाता अब भी गणना फार्म जमा नहीं कर रहे हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगीता गौतम ने बताया कि एक भी पात्र मतदाता वंचित न रह जाए, इसके लिए बीएलओ लगातार राजनीतिक दलों के बीएलए-2 के समन्वय से पुनः सत्यापन कर रहे हैं। जो मतदाता जीवित हैं, जनपद में ही रह रहे हैं और गलती से हटाए जाने की श्रेणी में आ गए थे, उन्हें गणना-पत्र उपलब्ध कराकर फार्म भरवाया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार फाइनल ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद शिफ्ट हुए, लापता, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की अंतिम संख्या तय हो जाएगी।
जिले में कुल 24,59,455 मतदाता पंजीकृत हैं।
गुरुवार सुबह तक 20,87,455 मतदाताओं का डेटा डिजिटलाइज्ड किया जा चुका है, जिनके गणना-पत्र समय से जमा किए गए। सभी फार्मों की ऑनलाइन फीडिंग भी पूरी कर ली गई है।
शेष 3,72,000 गणना-पत्र अभी नहीं जमा हो सके हैं। इनमें वे मतदाता शामिल हैं,
– जिनकी मृत्यु हो चुकी है,
– जो दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो गए हैं,
– जिनके नाम डुप्लीकेट हैं,
– या जिन्होंने अब तक फार्म जमा नहीं किया।
प्रदेश सरकार ने SIR की अंतिम तिथि 31 दिसंबर तक बढ़ाकर मतदाता सूची को अधिक सटीक व पारदर्शी बनाने का मौका दिया है।
