मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में नगर निकायों की सेवाओं, जलकर–गृहकर वसूली तथा ई-नगर सेवा पोर्टल से संबंधित कार्यों की प्रगति पर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों के साथ जीआईएस, डाटा फीडिंग और मैपिंग कार्य की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि ई-नगर सेवा पोर्टल के माध्यम से सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। साथ ही नगर निकायों से प्राप्त जनोपयोगी कार्यों के प्रस्तावों पर चेयरमैन एवं अधिशासी अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए आवश्यक कार्यों को स्वीकृति प्रदान की।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निकाय क्षेत्रों में होने वाले सभी निर्माण कार्य मानक के अनुरूप रजिस्टर्ड फर्मों से ही कराए जाएं तथा प्रत्येक कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। साफ-सफाई और आमजन की सुविधाओं के लिए उपलब्ध संसाधनों का पूरा उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना अधिकारी को निर्देशित किया कि पात्रता के आधार पर लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में स्थानीय निकायों के चेयरमैन, अधिशासी अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
