मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अनुसार विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रवृत्ति योजना, उद्यान, कृषि, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा, विद्युत, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री आवास योजना, दुग्ध विकास, पशुपालन, पेंशन योजना, मत्स्य उत्पादन, ग्रामीण स्टेडियम, सिंचाई तथा आईजीआरएस सहित अन्य योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के इंटर कॉलेजों एवं परिषदीय विद्यालयों में आकर्षक किस्म के फूलों की पौध लगवाई जाए, जिससे विद्यालय परिसरों का वातावरण सुंदर और प्रेरक बन सके। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को इस कार्य में सहयोग करने के निर्देश भी दिए। प्राथमिक चरण में उद्यान विभाग द्वारा 50 विद्यालयों का चयन कर पौधारोपण कराने के निर्देश दिए गए।

कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परिषदीय विद्यालयों के आसपास उगने वाली घास एवं झाड़ियों के कारण बच्चों को होने वाली समस्याओं को देखते हुए चिन्हित विद्यालयों के आसपास आवश्यक दवाइयों का छिड़काव कराया जाए, ताकि वर्षा के दौरान कोई असुविधा न हो।

छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय से मिलना चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यालयवार आवेदन पत्रों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा लंबित आवेदनों के कारणों सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।
बैठक में गौ आश्रय स्थलों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से गोवंश की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि अधिकारी नियमित रूप से गौशालाओं का निरीक्षण करें और पाई जाने वाली कमियों को शीघ्र दूर करें।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सिंचाई विभाग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने नहरों में पानी की उपलब्धता, नलकूपों की स्थिति एवं संचालन की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए तथा नलकूपों में किसी भी प्रकार की यांत्रिक या विद्युत समस्या होने पर तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
