स्मार्ट सिटी के दावे खोखले, नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
मुरादाबाद। सदर थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित कंजरी सराय वार्ड नंबर 32 की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। पूरे इलाके में फैली गंदगी के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना भी दूभर हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।
गाय पालने वालों ने इलाके को बनाया तबेला
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि वार्ड में बड़ी संख्या में गाय पालने वाले लोगों ने पूरे क्षेत्र को तबेले में तब्दील कर दिया है। सड़कों और फुटपाथों पर गाय और उनके बछड़े बांध दिए जाते हैं, जिससे आम लोगों को चलने-फिरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
नालियों में बहाया जा रहा गोबर, सफाई बेअसर
बताया जा रहा है कि गाय पालने वाले लोग भारी मात्रा में गोबर नालियों में बहा देते हैं। नगर निगम की टीम रोजाना नालियों की सफाई तो करती है, लेकिन अगले ही दिन फिर नालियां चोक हो जाती हैं। इसके चलते गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है और पूरे इलाके में दुर्गंध फैल जाती है।
राहगीरों और बच्चों की सुरक्षा पर खतरा
स्थिति यह है कि सड़कों के दोनों ओर और बीच सड़क तक गायों को बांध दिया जाता है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बना रहता है। कई बार हादसे की नौबत भी आ चुकी है।
औपचारिक निरीक्षण, हालात जस के तस
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की टीम निरीक्षण के दौरान कुछ समय के लिए सफाई दिखाकर चली जाती है। जैसे ही अधिकारी लौटते हैं, हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं। इससे लोगों में भारी नाराजगी है।
नगर निगम कर्मचारियों की मिलीभगत का आरोप
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में नगर निगम के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत की भी चर्चा है। इसी कारण गाय पालने वालों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो पा रही है और समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्मार्ट सिटी के दावों की खुली पोल
एक ओर मुरादाबाद को “स्मार्ट सिटी” बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, वहीं कंजरी सराय वार्ड 32 की हालत किसी पिछड़े इलाके से भी बदतर है। गंदगी, जाम नालियां और सड़कों पर बंधी गायें इन दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं।
स्थानीय लोगों की सख्त कार्रवाई की मांग
इलाके के नागरिकों ने मांग की है कि गाय पालने वालों की दबंगई पर तत्काल रोक लगाई जाए। नालियों में गोबर डालने वालों और सड़कों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई कर वार्ड की स्थिति में सुधार किया जाए।
