देर रात व्हाट्सएप कॉल और आपत्तिजनक बातचीत का आरोप
मुरादाबाद। शिक्षिकाओं को देर रात व्हाट्सएप कॉल कर आपत्तिजनक व अश्लील बातें करने के आरोप में सहायक अध्यापक राजीव कुमार सिंह को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निलंबित कर दिया है। राजीव सिंह पूर्व में लंबे समय तक एआरपी (अकादमिक रिसोर्स पर्सन) के पद पर भी रह चुका है।
कंपोजिट स्कूल लोधीपुर राजपूत का मामला
मामला मुरादाबाद ग्रामीण ब्लॉक के लोधीपुर राजपूत गांव स्थित कंपोजिट स्कूल का है। यहां तैनात सहायक अध्यापक राजीव कुमार सिंह पर स्कूल की कुछ शिक्षिकाओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिक्षिकाओं की शिकायत पर उठा मामला
पीड़ित शिक्षिकाओं ने शहर विधायक रितेश गुप्ता से शिकायत करते हुए बताया कि राजीव सिंह देर रात उन्हें व्हाट्सएप पर कॉल करता था और भद्दी व अश्लील बातें करने की कोशिश करता था। इसके अलावा वह अपने फोन पर प्राइवेसी सेटिंग के साथ अश्लील स्टेटस भी लगाता था।
विधायक की पहल पर प्रशासन ने लिया संज्ञान
मामला सामने आने के बाद शहर विधायक रितेश गुप्ता ने जिलाधिकारी अनुज सिंह से शिकायत की। डीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीडीओ को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित
सीडीओ ने पूरे मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय जांच समिति गठित की। जांच के दौरान शिक्षिकाओं के आरोपों की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट मिलते ही निलंबन
जांच समिति की रिपोर्ट प्राप्त होते ही बीएसए विमलेश कुमार ने सहायक अध्यापक राजीव कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पहले भी लगते रहे हैं आरोप
विभागीय सूत्रों के अनुसार, राजीव कुमार सिंह पर पूर्व में भी महिला शिक्षकों के साथ फ्लर्ट करने जैसे आरोप लगते रहे हैं, लेकिन पहली बार उसके खिलाफ ठोस कार्रवाई की गई है।
