बुध बाजार में श्रद्धा और सेवा का संगम
मुरादाबाद। सिख धर्म के दशम गुरु, श्री गुरु गोविंद सिंह साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर बुध बाजार स्थित न्यू चिल्ली फायर रेस्टोरेंट द्वारा प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया और गुरु परंपरा को नमन किया।

कार्यक्रम में न्यू चिल्ली फायर के संचालक शरण गगनेजा, सोनू गगनेजा, माधव गगनेजा, अजय कश्यप, अमन गुप्ता एवं अर्जुन पाल ने स्वयं उपस्थित रहकर श्रद्धालुओं को हलवे का प्रसाद वितरित किया। आयोजन स्थल पर गुरु गोविंद सिंह जी के त्याग, शौर्य और मानव कल्याण के आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।

प्रसाद वितरण कार्यक्रम में शहर के कई प्रतिष्ठित नागरिक एवं अधिवक्ता भी शामिल हुए। वरिष्ठ अधिवक्ता श्री सुधीर शर्मा, राजीव शर्मा, विकास शर्मा, अजीत कुमार गुप्ता, मनु भटनागर, पीयूष गुप्ता, अर्जित रस्तोगी, रोहित गुप्ता एवं तुषार आदि ने कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।

आयोजकों ने कहा कि श्री गुरु गोविंद सिंह जी का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, सत्य की रक्षा और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने बताया कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में भाईचारा, सौहार्द और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान बुध बाजार क्षेत्र में उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण बना रहा। आयोजन के समापन पर आयोजकों ने सभी उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सामाजिक, धार्मिक एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
