मुरादाबाद। इकबाल मंजिल स्थित सहायक रजिस्ट्रार, फर्म, सोसाइटी एंड चिट्स कार्यालय में शुक्रवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब भारतीय किसान मजदूर यूनियन एवं वित्तविहीन मैनेजमेंट एंड टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कथित भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और अवैध वसूली के आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय किसान मजदूर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वित्तविहीन मैनेजमेंट एंड टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता ठाकुर ओमवीर सिंह ने किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि संस्थाओं के पंजीकरण, नवीनीकरण एवं सूची पंजीकरण के मामलों में सहायक रजिस्ट्रार कार्यालय द्वारा जानबूझकर देरी की जाती है। उनका कहना है कि कई प्रकरण बिना किसी ठोस कारण के महीनों तक लंबित रखे जाते हैं और दस्तावेजों में कथित रूप से अनावश्यक आपत्तियां लगाकर नोटिस जारी किए जाते हैं।

ठाकुर ओमवीर सिंह ने आरोप लगाया कि नोटिस जारी करने के बाद संस्थाओं के पदाधिकारियों को कार्यालय बुलाकर कथित रूप से मोलभाव किया जाता है। उन्होंने दावा किया कि जो संस्थाएं कथित रूप से तय धनराशि देने को तैयार होती हैं, उनके मामलों का शीघ्र निस्तारण कर दिया जाता है, जबकि पैसा देने से इनकार करने वाली संस्थाओं को लंबे समय तक चक्कर काटने पड़ते हैं। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, यह कथित वसूली प्रति संस्था एक से दो लाख रुपये तक बताई जा रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर ओमवीर सिंह ने और भी गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि सहायक रजिस्ट्रार द्वारा संस्थाओं से अब तक कई सौ करोड़ रुपये की कथित अवैध वसूली की गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सहायक रजिस्ट्रार एवं उनसे जुड़े लोगों की चल-अचल संपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उनकी आय और संपत्ति का स्रोत क्या है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऑडिट के नाम पर ऐसे बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा जाता है, जिन्हें पूरा करना किसी भी संस्था के लिए व्यवहारिक रूप से कठिन होता है। इसके बाद कथित रूप से दबाव बनाकर समझौता कराया जाता है। हालांकि, ये सभी आरोप प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाए गए हैं और अभी तक किसी सक्षम जांच एजेंसी या प्रशासनिक स्तर पर इनकी पुष्टि नहीं हुई है।
भारतीय किसान मजदूर यूनियन और वित्तविहीन मैनेजमेंट एंड टीचर्स एसोसिएशन ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन चरणबद्ध तरीके से शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेगा।

इस संबंध में सहायक रजिस्ट्रार, फर्म, सोसाइटी एंड चिट्स से उनका पक्ष जानने के लिए दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका। प्रशासनिक स्तर पर भी मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा की जा रही है।
