मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में उद्योग विभाग, आईटीआई, श्रम विभाग, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन एवं सेवायोजन विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उद्योग विभाग की सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। संयुक्त आयुक्त उद्योग ने बताया कि योजना के तहत बैंकों को भेजे गए 4675 आवेदनों के सापेक्ष वित्तीय वर्ष के नौ माह बीतने के बाद भी केवल 1663 आवेदनों को स्वीकृति और 1549 पर ही ऋण वितरण हो पाया है। जनपद को आवंटित 2900 के लक्ष्य के मुकाबले यह मात्र 53 प्रतिशत प्रगति है।

समीक्षा में विभिन्न बैंकों की प्रगति सामने आई, जिसमें उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक 53 प्रतिशत, यूको बैंक 48 प्रतिशत, केनरा बैंक 44 प्रतिशत, पंजाब नेशनल बैंक 32 प्रतिशत, बैंक ऑफ बड़ौदा 29 प्रतिशत और भारतीय स्टेट बैंक 27 प्रतिशत पर ही सीमित पाए गए। बैठक में मौजूद बैंक प्रतिनिधियों ने जनवरी माह में स्वीकृति व वितरण बढ़ाने का आश्वासन दिया। वहीं बैंक ऑफ इंडिया ने दूरभाष पर 12 स्वीकृति और 3 वितरण कराने की सहमति जताई।

समस्त अनुसूचित बैंकों ने 31 जनवरी तक लक्ष्य के सापेक्ष 80 प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनवरी माह में हर हाल में 80 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जाए, अन्यथा संबंधित बैंकों के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।

अन्य विभागों की प्रगति पर जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने अपने लक्ष्य पूरे होने की सूचना दी। सेवायोजन विभाग ने बताया कि वार्षिक लक्ष्य 46 रोजगार मेलों के सापेक्ष दिसंबर तक 45 मेले आयोजित किए जा चुके हैं। चयनित अभ्यर्थियों का लक्ष्य 4650 के मुकाबले 4953 तथा कैरियर काउंसलिंग में प्रतिभागियों का लक्ष्य 10500 के सापेक्ष 13255 की उपलब्धि दर्ज की गई है। फरवरी 2026 में वृहद रोजगार मेले के आयोजन की भी जानकारी दी गई।

श्रम विभाग ने मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना में 1253 तथा कन्या विवाह सहायता योजना में 1104 आवेदनों की स्वीकृति की सूचना दी। सहायक निदेशक कारखाना ने बताया कि कारखाना अधिनियम 1948 के तहत वार्षिक लक्ष्य 210 (संशोधित 420) के सापेक्ष अब तक 149 नए कारखानों का पंजीकरण किया गया है।
बैठक के अंत में सीडीओ ने जिन विभागों और बैंकों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उन्हें शीघ्र लक्ष्य पूर्ति के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार, सहायक श्रमायुक्त अजीत कुमार कन्नौजिया, सहायक आयुक्त उद्योग योगेश कामेश्वर सहित विभिन्न विभागों और बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।
