मुरादाबाद। उप परिवहन आयुक्त परिक्षेत्र बरेली केपी गुप्ता के नेतृत्व में जनपद मुरादाबाद में अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच कर वैध प्रपत्रों की पड़ताल की गई और आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।

जांच के दौरान वाहन चालकों को निर्देशित किया गया कि दोपहिया वाहन चालक एवं पीछे बैठने वाले यात्री अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करें। वहीं चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट पहनकर वाहन चलाने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से यात्री वाहनों की गहन जांच की गई और चालकों को ओवरलोडिंग व ओवरस्पीडिंग से बचते हुए सुरक्षित तरीके से वाहन संचालन करने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के तहत ब्लैक फिल्म तथा अनधिकृत रूप से हूटर और बत्ती लगाने वाले वाहनों की भी जांच की गई, हालांकि जांच के दौरान ऐसा कोई भी वाहन नहीं पाया गया, जिसमें ब्लैक फिल्म या अवैध रूप से हूटर अथवा बत्ती लगी हो।

इस सघन जांच अभियान के दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन मुरादाबाद संदीप कुमार पंकज, यात्री कर अधिकारी मुरादाबाद श्री नरेंद्र छाबड़ा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों का संचालन सभी वैध दस्तावेजों के साथ करें और यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
