मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद मुरादाबाद में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और डाटा अपडेशन की स्थिति की गहन समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डाटा अपडेशन पर विशेष ध्यान दिया जाए, क्योंकि इससे जनपद की रैंकिंग में सुधार होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण परियोजनाओं को हैंडओवर करने से पहले सभी कार्य पूर्ण रूप से दुरुस्त हों और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ द्वारा राजकीय प्रक्षेत्र रौण्डा के सुदृढ़ीकरण कार्य में भौतिक प्रगति धीमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं राजकीय पौधशाला फहेतउल्लागंज निर्माण परियोजना का डाटा अपडेशन न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए तत्काल अपडेशन सुनिश्चित करने को कहा।

ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में एकेडमिक ब्लॉक एवं बालिका छात्रावास भवन निर्माण की भौतिक प्रगति लक्ष्य के अनुरूप न होने पर भी जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार, उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण द्वारा रुस्तमनगर सहसपुर में सोलर पैनल एवं मिट्टी भराव का कार्य शेष रहने पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम द्वारा गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र, मुरादाबाद में प्रशासनिक भवन, छात्रावास, आवासीय भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति लक्ष्य से पीछे पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कार्य में तेजी लाकर समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने निर्माण निगम को सभी कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश जल निगम नगरीय, यूपी सिडको, सीएनडीएस, उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम, उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम, लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड प्रथम लोक निर्माण विभाग, नलकूप विभाग, उत्तर प्रदेश वक्फ विकास निगम लिमिटेड, पैकफेड सहित अन्य कार्यदायी संस्थाओं की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, जिला विकास अधिकारी जी.बी. पाठक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
