बिलारी (मुरादाबाद)। बिलारी–मुरादाबाद मार्ग पर चलने वाली मारुति वैन टैक्सियों से जुड़े टैक्सी स्टैंड से शुक्रवार तड़के एक हृदयविदारक घटना सामने आई। टैक्सी स्टैंड के मुंशी उपेंद्र चौधरी ने सुबह करीब 4:20 बजे अपने ही कार्यालय के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

सुबह जब टैक्सी स्टैंड के कर्मचारी और आसपास के लोग कार्यालय पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। उपेंद्र चौधरी फांसी के फंदे पर लटके हुए मिले। आनन-फानन में उन्हें नीचे उतारकर मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिजन उन्हें मुरादाबाद के कॉसमॉस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने भी मृत्यु की पुष्टि कर दी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यालय को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और टैक्सी स्टैंड से जुड़े कर्मचारियों व मृतक के परिजनों से पूछताछ की।

आत्महत्या के कारणों का नहीं हो सका खुलासा
फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस आर्थिक तनाव, पारिवारिक कलह अथवा किसी अन्य मानसिक दबाव समेत सभी संभावित पहलुओं पर गहन जांच कर रही है।

उपेंद्र चौधरी की अचानक मौत से टैक्सी यूनियन, वाहन चालकों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद टैक्सी स्टैंड पर कामकाज पूरी तरह ठप रहा और इलाके में सन्नाटा पसरा रहा।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
