अयोध्या में राम मंदिर परिसर की सुरक्षा को लेकर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सुरक्षा बलों ने एक कश्मीरी युवक को संदिग्ध गतिविधियों के चलते हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, युवक दक्षिणी परकोटे में सीता रसोई के पास नमाज अदा करने की कोशिश कर रहा था। वह कश्मीरी वेशभूषा में था और गेट नंबर D-1 से मंदिर परिसर में प्रवेश किया था। हिरासत में लिए गए युवक की पहचान अब अहमद शेख के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले का निवासी बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा कर्मियों के रोकने पर युवक ने कथित रूप से नारे लगाने शुरू कर दिए। इसके बाद मौके पर तैनात सुरक्षा बलों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही खुफिया एजेंसियां, स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट हो गए। युवक से पूछताछ जारी है और उसके मंसूबों तथा पृष्ठभूमि की गहन जांच की जा रही है।
