मुरादाबाद। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने शनिवार को थाना कटघर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, भवनों की स्थिति, मालखाने की व्यवस्था और जीपी स्टोर का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने मालखाने में रखे गए सामान की वर्षवार व्यवस्थित रख-रखाव की जांच की और यह परखा कि सामग्री निर्धारित रैकों में नियमानुसार सुरक्षित रखी गई है या नहीं। नवनिर्मित मालखाने में सुरक्षा मानकों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।

महिला शक्ति वर्टिकल मिशन के अंतर्गत बने कक्ष का निरीक्षण करते हुए रजिस्टरों के संधारण और उनके अद्यतन होने की स्थिति देखी गई। साथ ही, आगामी मेलों से संबंधित अपराधों की रोकथाम के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसपी सिटी ने थाने के शस्त्रागार (आर्मरी) का भी निरीक्षण किया। हथियारों की संख्या, उनकी स्थिति, रिकॉर्ड का मिलान तथा नियमित हारमरी मिलान प्रक्रिया की जांच की गई। इसके अलावा एंटी-रैट सिस्टम समेत सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।

थाना परिसर में स्थित मैस, आधारभूत सुविधाएं, फायर सेफ्टी व्यवस्था और भवन की समग्र स्थिति का अवलोकन करते हुए एसपी सिटी ने सुधार से जुड़े बिंदुओं पर निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद एसपी सिटी रणविजय सिंह ने कहा कि थाने की कार्यप्रणाली को सुचारू, पारदर्शी और सुरक्षित बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, और इसी उद्देश्य से नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं।
