फाइनल में अंसार क्लब भोजपुर ने ईदगाह क्लब को हराकर जीती ट्रॉफी
भोजपुर। नगर पंचायत भोजपुर धर्मपुर में शनिवार को खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से एक दिवसीय डे-नाइट जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजसेवी नफीस अंसारी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास करता है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है। कार्यक्रम का कुशल संचालन जावेद अंसारी ने किया।
इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल दस टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें अंसार क्लब भोजपुर, मानपुर, धर्मपुर भोजपुर, बहेड़ी, ईदगाह क्लब, डिलारी, अहमदपुर, नाहिद, खदर बाजार और ढाकिया की टीमें शामिल रहीं। दिन से लेकर रात तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबलों में कई रोमांचक पल देखने को मिले, जहां निर्णायक क्षणों तक दर्शकों की सांसें थमी रहीं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला अंसार क्लब भोजपुर और ईदगाह क्लब के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन निर्णायक क्षणों में अंसार क्लब भोजपुर ने बढ़त बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया और प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मैच के दौरान मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा। खेल प्रेमियों ने तालियों और नारों के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को आयोजकों की ओर से सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को लगातार कराने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों, दर्शकों और स्थानीय सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया@ZAFAR-INN
