भोजपुर (मुरादाबाद)। थाना भोजपुर क्षेत्र में झूठे मुकदमे में फंसाने और मोटी रकम की अवैध मांग का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीपलसाना निवासी एक व्यक्ति ने थाना भोजपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने एक राय होकर उसके पोते के खिलाफ पहले झूठा मुकदमा दर्ज कराया और बाद में उस मुकदमे में फैसला अपने पक्ष में कराने के नाम पर दस लाख रुपये की मांग की।
वादी के अनुसार, आरोपियों ने रुपये न देने पर उसके पोते को दोबारा दुष्कर्म जैसे संगीन आरोपों में झूठा फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही, गाली-गलौच कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वादी ने थाना भोजपुर पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
तहरीर के आधार पर थाना भोजपुर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की विवेचना शुरू की। विवेचनात्मक कार्रवाई के दौरान शनिवार को उपनिरीक्षक इजहार अली ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त मिक्की पुत्र मोबीन पाशा, निवासी मोहल्ला पुराना बुध बाजार, ग्राम पीपलसाना, थाना भोजपुर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का विधिवत मेडिकल परीक्षण कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।
थाना भोजपुर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की धमकी, ब्लैकमेलिंग या अवैध वसूली की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके@ZAFAR-INN
