मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के गोविंद नगर इलाके में रविवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार पर अचानक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन टूटकर गिर गई। तेज चिंगारी के साथ कार में आग लग गई और देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोविंद नगर गली नंबर–5 निवासी राजेंद्र गुप्ता की कार संख्या UP16 U 9593 रविवार शाम करीब 5 बजे प्रभात मार्केट स्थित डॉ. वी.के. कश्यप के क्लीनिक के पास खड़ी थी। तभी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन अचानक टूटकर सीधे कार पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी। आग की ऊंची लपटें उठती देख इलाके में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम और कटघर पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना के समय कार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास की दुकानों और भीड़ के कारण भयानक हादसा हो सकता था। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में रोष देखा गया। लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए जर्जर तारों और खुले में लटकी हाईटेंशन लाइनों को तुरंत दुरुस्त करने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं बिजली विभाग से भी घटना को लेकर रिपोर्ट तलब किए जाने की संभावना है।
