मुरादाबाद। सांसद कुंवरानी रुचि वीरा की अध्यक्षता में मुरादाबाद शहर स्थित सर्किट हाउस के सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार गहन समीक्षा की गई, वहीं कई मामलों में सामने आई लापरवाही पर सांसद ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। बैठक के दौरान मनरेगा, सड़क निर्माण, निराश्रित महिला पेंशन, ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण, पंचायती राज, जल संसाधन, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, पेयजल परियोजनाएं, शिक्षा, कौशल विकास, एनएचएआई, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, अल्पसंख्यक कार्य, मत्स्य विभाग, श्रम, पर्यटन और उद्योग विभाग से जुड़ी योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। सांसद ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए।
दिव्यांगजनों के कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की अनदेखी पर नाराजगी
दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित न किए जाने पर सांसद ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को इस संबंध में लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

अनाज मंडी और धान खरीद में लापरवाही पर सख्त रुख
सांसद ने मुरादाबाद शहर में अनाज मंडी की आवश्यकता पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को इसका प्रस्ताव सक्षम स्तर पर भेजने के निर्देश दिए, ताकि किसानों और स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिल सके। वहीं तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम गुलड़िया में धान खरीद प्रक्रिया में कर्मचारियों की लापरवाही की शिकायतों पर सांसद ने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना पर जोर
मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के तहत किसानों को मृदा परीक्षण कराने में आ रही दिक्कतों का मुद्दा उठाते हुए सांसद ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामवार सूची उपलब्ध कराई जाए, ताकि लाभार्थियों का सत्यापन कर किसानों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।

प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की जानकारी देते हुए परियोजना अधिकारी डूडा ने बताया कि कुल स्वीकृत 32,070 आवासों के सापेक्ष दिसंबर 2025 तक 31,369 आवास पूर्ण हो चुके हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत दिसंबर 2025 तक 6,362 आवेदनों की डीपीआर तैयार कर विभाग को भेजी जा चुकी है।
पशुपालन और स्वास्थ्य सुविधाओं पर चर्चा
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने पशुपालन विभाग के अंतर्गत कृत्रिम गर्भाधान, पशुओं के टीकाकरण और सहभागिता योजना की प्रगति से अवगत कराया।वहीं जिले में ऑर्गन ट्रांसप्लांट की सुविधा उपलब्ध कराने के मुद्दे पर सांसद ने सीएमओ को आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है तो ट्रांसप्लांट से जुड़ी सेवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

एनएचएआई परियोजनाओं की स्थिति
पीडी एनएचएआई ने जानकारी दी कि जनपद मुरादाबाद में दो प्रमुख परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। मुरादाबाद रिंग रोड का निर्माण कार्य लगभग 70 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है, जिसे मार्च तक शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा। वहीं मुरादाबाद–काशीपुर मार्ग का 35 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और इसे दिसंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
बैठक में जिलाधिकारी अनुज सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी सहित दिशा समिति से जुड़े जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सांसद ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
