मुरादाबाद। मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में जनपद मुरादाबाद में एक विशाल और अनुशासित तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा मुरादाबाद की पीतल नगरी से प्रारंभ होकर जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए। यात्रा के दौरान देशभक्ति और किसान एकता के नारों से वातावरण गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा के उपरांत भाकियू महाशक्ति के प्रतिनिधिमंडल ने श जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा, जिसे प्रधानमंत्री भारत सरकार के नाम प्रेषित किया गया। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने कई महत्वपूर्ण और जनहित से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से पूर्व सांसदों और विधायकों की पेंशन बंद करने, तथा देश की रक्षा में तैनात सभी सैनिकों और उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों की पेंशन पुनः चालू करने की मांग की गई। इसके साथ ही पीआरडी और होमगार्ड जवानों को न्यूनतम 10 हजार रुपये प्रति माह पेंशन देने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।

किसानों की समस्याओं को उठाते हुए संगठन ने जनपद में आवारा गोवंश से फसलों को हो रहे भारी नुकसान और सड़कों पर गोवंश के कारण आए दिन हो रही दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता जताई। भाकियू महाशक्ति ने मांग की कि जनपद में पर्याप्त संख्या में गौशालाओं का निर्माण कराया जाए और सभी आवारा गोवंशों को गौशालाओं में भेजने की प्रभावी व्यवस्था की जाए।
इसके अलावा संगठन ने ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की बिजली समस्या को उठाते हुए देहात क्षेत्रों में प्रतिदिन 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा सुबह 9 बजे तक नियमित विद्युत आपूर्ति की मांग की। साथ ही किसानों के लिए अत्यंत आवश्यक यूरिया खाद की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाने और सही समय पर किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

इस अवसर पर भाकियू महाशक्ति के जिला अध्यक्ष सुनहपाल सिंह, राष्ट्रीय सचिव सत्येंद्र सिंह चौहान, प्रदेश महासचिव रविंदर यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहम्मद इदरीश, जिला महासचिव मौ. अहमद, अशरफ अली, चौधरी इशरत अली, पुष्पेंद्र यादव, फिरासत अली (मंडल उपाध्यक्ष युवा), अमित शर्मा, ठाकुर सुनील सिंह, बंटी सिंह लोधी, सुमित जादौन, चौधरी विक्रम सिंह फौजी, लेखराज यादव सहित संगठन के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति किसानों, जवानों और आम जनमानस के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन आंदोलन को और व्यापक रूप देगा। कार्यक्रम का समापन “भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति जिंदाबाद” के गगनभेदी नारों के साथ शांतिपूर्ण ढंग से किया गया@ZAFAR-INN
