मुरादाबाद। नगर निगम द्वारा निर्मित किए जा रहे त्रिशूल रक्षा संग्रहालय को लेकर राजधानी नई दिल्ली में एक खास और भावनात्मक क्षण देखने को मिला, जब नगर के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान रक्षा मंत्री को संग्रहालय के शीघ्र उद्घाटन हेतु औपचारिक निमंत्रण सौंपा गया।
इस प्रतिनिधिमंडल में मुरादाबाद के मेयर, मंडलायुक्त आंजनेय सिंह तथा नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल शामिल रहे। मुलाकात के दौरान मंडलायुक्त आंजनेय सिंह ने रक्षा मंत्री को बताया कि नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे त्रिशूल रक्षा संग्रहालय के कार्य को तय समयसीमा में पूरा करने और उद्घाटन तक निरंतर गति बनाए रखने के उद्देश्य से नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने एक विशेष संकल्प लिया है। उन्होंने यह निश्चय किया है कि संग्रहालय के उद्घाटन तक वह दाढ़ी नहीं बनाएंगे।

नगर आयुक्त के इस व्यक्तिगत संकल्प को सुनकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कुछ क्षणों के लिए चकित रह गए और फिर स्वयं को उनकी प्रशंसा करने से रोक नहीं पाए। रक्षा मंत्री ने कहा कि जब अधिकारी अपने दायित्वों के प्रति इस स्तर का समर्पण और आत्मानुशासन दिखाते हैं, तो ऐसे प्रोजेक्ट केवल निर्माण कार्य नहीं रहते, बल्कि वे प्रेरणा का प्रतीक बन जाते हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हल्के-फुल्के अंदाज़ में मेयर मुरादाबाद से यह भी कहा कि संग्रहालय के उद्घाटन के दिन ही नगर आयुक्त की “हजामत की व्यवस्था” कराई जाए, ताकि यह संकल्प ऐतिहासिक क्षण के साथ पूरा हो सके। रक्षा मंत्री की इस टिप्पणी से वहां उपस्थित सभी लोग मुस्कुरा उठे और माहौल सौहार्दपूर्ण हो गया।
गौरतलब है कि त्रिशूल रक्षा संग्रहालय मुरादाबाद के लिए एक विशिष्ट पहचान बनने जा रहा है, जो देश की सैन्य परंपराओं, शौर्य, बलिदान और रक्षा शक्ति को प्रदर्शित करेगा। यह संग्रहालय न केवल युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करेगा, बल्कि मुरादाबाद को एक नए सांस्कृतिक और शैक्षिक केंद्र के रूप में भी स्थापित करेगा।
इस अवसर पर मेयर और नगर निगम के अधिकारियों ने रक्षा मंत्री को आश्वस्त किया कि संग्रहालय का निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है और निर्धारित समय में इसे पूर्ण कर लिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा मंत्री को मुरादाबाद आगमन का निमंत्रण देते हुए विश्वास जताया कि उनका मार्गदर्शन और उपस्थिति इस परियोजना को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
