ईरान में चल रही राजनीतिक उथल-पुथल, हिंसक प्रदर्शनों और बिगड़ते सुरक्षा हालात को देखते हुए भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने ईरान में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों—चाहे वे छात्र हों, तीर्थयात्री, कारोबारी या पर्यटक—से जल्द से जल्द देश छोड़ने की अपील की है।
दूतावास के मुताबिक यह एडवाइजरी 5 जनवरी 2025 को जारी की गई पूर्व चेतावनी का विस्तार है। बयान में कहा गया है कि मौजूदा हालात तेजी से बदल रहे हैं, ऐसे में भारतीय नागरिक उपलब्ध किसी भी परिवहन साधन, खासकर कमर्शियल फ्लाइट्स के जरिए, ईरान से बाहर निकलने की योजना बनाएं।
भारतीय दूतावास ने ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों और पीआईओ (भारतीय मूल के लोग) को सतर्क रहने की सलाह दी है। दूतावास ने कहा है कि लोग किसी भी तरह के विरोध-प्रदर्शन, रैलियों या भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें और स्थानीय मीडिया के जरिए हालात पर लगातार नजर रखें।
इसके साथ ही दूतावास ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने पासपोर्ट, पहचान पत्र और अन्य जरूरी यात्रा व इमिग्रेशन दस्तावेज हर समय अपने पास रखें। किसी भी आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर तुरंत भारतीय दूतावास से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
आपात हालात में मदद के लिए भारतीय दूतावास ने संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। दूतावास ने बताया है कि ईरान में मौजूद भारतीय नागरिक किसी भी सहायता के लिए इन मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं: +989128109115, +989128109109, +989128109102 और +98932179359।
