भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 19 जनवरी से शुरू होने जा रही है। पार्टी के केंद्रीय चुनाव अधिकारियों के अनुसार, 19 जनवरी को नामांकन दाखिल होंगे और 20 जनवरी को नए अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।
फिलहाल पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन इस पद के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं और उनके निर्विरोध चुने जाने की पूरी संभावना जताई जा रही है। नामांकन के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रस्तावक के तौर पर मौजूद रह सकते हैं।
इस चुनावी प्रक्रिया के तहत बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों को दिल्ली बुलाया गया है। 46 वर्षीय नितिन नबीन के अध्यक्ष बनने पर वे बीजेपी के इतिहास के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। यह चुनाव जेपी नड्डा के लंबे कार्यकाल के बाद संगठन में बड़े बदलाव की ओर इशारा करता है।
