बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनावों के नतीजे आज सामने आ रहे हैं. सुबह 10 बजे से मतगणना जारी है. 227 वार्डों के लिए गुरुवार को मतदान हुआ था, जिसमें 52.94 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई. वर्ष 2017 के चुनावों में यह आंकड़ा 55.53 प्रतिशत था.
शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) बढ़त बनाए हुए नजर आ रही है. बीजेपी के साथ-साथ शिंदे गुट की शिवसेना और एनसीपी भी अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं. सबसे ज्यादा रोमांचक मुकाबला पुणे में देखने को मिल रहा है, जहां बीजेपी और एनसीपी के बीच सीधी टक्कर है और बीजेपी यहां स्पष्ट बढ़त में दिखाई दे रही है. नागपुर में भी बीजेपी का दबदबा कायम नजर आ रहा है.
कोल्हापुर से आए पहले नतीजों में बीजेपी ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की है. वहीं वसई-विरार क्षेत्र में बहुजन विकास अघाड़ी आगे चल रही है.
अब तक सामने आए रुझानों के मुताबिक बीएमसी में बीजेपी और उसके सहयोगी दल 60 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. कांग्रेस करीब 10 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि ठाकरे बंधुओं के दोनों दलों को मिलाकर 37 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है. पुणे नगर निगम में भी बीजेपी ने बढ़त बना रखी है. वहीं संभाजीनगर नगर निगम में AIMIM पांच सीटों पर आगे चल रही है.
मतगणना के लिए अलग-अलग स्थानों पर कुल 23 काउंटिंग रूम बनाए गए हैं. मतगणना प्रक्रिया को लेकर तैयार की गई विस्तृत योजना को म्युनिसिपल कमिश्नर और जिला निर्वाचन अधिकारी भूषण गगरानी ने मंजूरी दी है. इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया की गाइडलाइंस के तहत मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का सख्ती से पालन करते हुए मतगणना कराई जा रही है. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट और कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं.
बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन जनरल इलेक्शन 2025-26 के तहत म्युनिसिपल क्षेत्र में कुल 227 वार्डों के लिए 23 इलेक्शन डिविजन ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं. प्रत्येक इलेक्शन डिविजन ऑफिसर के अधीन एक-एक स्ट्रॉन्ग रूम और काउंटिंग स्थल निर्धारित किया गया है. इन सभी स्थानों को लोक निर्माण विभाग (PWD) और पुलिस विभाग से आवश्यक स्वीकृति मिल चुकी है.
